फ्री सिलेंडर, मुफ्त पानी और महिला-बुजुर्गों को ₹3000: ‘विकसित केरलम’ के लिए BJP ने जारी किया घोषणा पत्र, जानिए 8 कौन-कौन से किए वादे

केरल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (31 मार्च 2026) को अपना घोषणापत्र ‘विकसित केरलम’ जारी किया। घोषणा पत्र में BJP ने जनता को महँगाई से राहत देने के लिए गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया। इसके साथ महिलाओं को दवाइयों और राशन के लिए कार्ड का वादा किया।

विकास के क्षेत्र में बीजेपी ने तिरुनंतपुरम को कन्नूर से जोड़ने वाली एक हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क बनाने का वादा किया है। केरल के हर घर को हर महीने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने से लेकर जरूरतमंद महिलाओं, विधवाओं और 70 साल से ज्यादा बुजुर्गों को हर महीने 3 हजार रुपए की कल्याण पेंशन देने का ऐलान किया है।

BJP के घोषणा पत्र में केरल को क्या-क्या मिलेगा?

  • गरीब और BPL परिवारों की महिलाओं के लिए ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ का वादा किया, जिसके तहत उन्हें 2500 रुपए का मासिक रिचार्ज मिलेगा। इससे महिलाएँ राशन और दवाइयाँ ला सकती हैं।
  • गरीब परिवारों की महिलाओं, विधवाओं और 70 साल से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों के लिए हर महीने 3000 रुपए की कल्याणकारी पेंशन का भी वादा किया है।
  • हर साल ओणम और क्रिसमस पर मुफ्त LPG सिलेंडर और हर परिवार के लिए हर महीने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का भी वादा किया है।
  • कृषि क्षेत्र में सभी जरूरी फसलों के लिए MSP लागू करने का वादा किया। साथ ही मौजूदा वन कानूनों में संशोधन के माध्यम से बागान भूमि में एक से अधिक फसल की खेती की अनुमति देने के लिए सुधार करने का भी वादा किया।
  • स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत PM-JAY योजना का विस्तार कर सभी मलयाली नागरिकों को कवर करने और केरल में पहला AIIMS बनाने का वादा किया।
  • केरल में तिरुवनंतपुरम को कन्नूर से जोड़ने वाले एक हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर, कोच्चि मेट्रो के सभी चरणों को पूरा करने और कोझिकोड में नई मेट्रो परियोजनाओं का प्रस्ताव रखा है।
  • सबरीमाला और गुरुवायूर मंदिर सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों की रक्षा करने का वादा किया गया है, जिसके तहत देवस्वोम बोर्डों का पुनर्गठन करके श्रद्धालुओं की भागीदारी को बढ़ाया जाएगा।
  • सबरीमाला में सोना चोरी मामले की समय से CBI जाँच और पहाड़ी धर्मस्थल के लिए एक समर्पित इंफ्रस्ट्रक्चर मिशन का भी वादा किया गया है।

असम चुनाव के लिए BJP का घोषणा पत्र

इससे पहले BJP ने असम विधानसभा चुनाव के लिए भी घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें 31 बड़े वादे किए गए। इसमें प्रमुख तौर पर राज्य में समान नागरिक संहित (UCC) लागू करने का वादा किया गया है। साथ ही ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ भी सरकार मजबूत कानून बनाएगी।

इसके अलावा महिलाओं के लिए लखपति दीदी, युवाओं के लिए रोजगार, विकास क्षेत्र में बड़े बदलाव और चाय बागान के मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा है।