‘बड़े अधिकारी छिपा रहे थे सच, मैं अब यहाँ नहीं रह सकता’: ट्रंप की वीडियो विवाद के बाद BBC बोर्ड से भारतीय सदस्य शुमीत बनर्जी ने दिया इस्तीफा, पहले CEO-डायरेक्टर ने दिया था रिजाइन

ब्रिटेन के सरकारी चैनल BBC के बोर्ड में शामिल भारतीय मूल के सदस्य शुमीत बनर्जी ने शुक्रवार (21 नवंबर 2025) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि BBC के शीर्ष स्तर पर ‘प्रशासन से जुड़ी गंभीर समस्याएँ’ हैं।

शुमीत बनर्जी ने शिकायत की कि BBC के डायरेक्टर जनरल और न्यूज चीफ के हालिया इस्तीफे से जुड़ी घटनाओं के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। ये दोनों इस्तीफे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण से जुड़े वीडियो की एडिटिंग पर हुए विवाद के बाद हुए थे।

‘प्रशासन में गंभीर समस्या’ बताकर छोड़ा पद

शुमीत बनर्जी ने अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा कि BBC के टॉप लेवल पर गवर्नेंस (प्रशासन) में बड़ी समस्याएँ हैं। उन्होंने अपने इस्तीफे के पत्र में यह भी लिखा कि उन्हें उन घटनाओं पर भरोसा में नहीं लिया गया, जिनकी वजह से हाल ही में BBC के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और BBC न्यूज की मुख्य कार्यकारी देबोरा टर्नेस ने पद छोड़ा था।

ट्रंप के वीडियो एडिटिंग विवाद पर हुई थी कार्रवाई

दरअसल, टिम डेवी और देबोरा टर्नेस ने इस महीने तब इस्तीफा दिया था, जब BBC के एक कार्यक्रम ‘Panorama’ में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। BBC ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2021 के भाषण से जुड़े एक वीडियो को एडिट कर दिया था। एडिटिंग के बाद यह लगा कि ट्रंप ने 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल दंगे के दौरान सीधे हिंसा के लिए उकसाया था।

BBC ने माँगी माफी, लेकिन जुर्माना देने से इनकार

इस एडिटिंग की गलती सामने आने के बाद BBC ने माफी तो माँग ली थी, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक हर्जाना देने की माँग को ठुकरा दिया था। BBC ने अपने एक बयान में शुमीत बनर्जी के इस्तीफे की पुष्टि की और उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। BBC ने बताया कि बनर्जी का कार्यकाल वैसे तो दिसंबर के अंत तक था, लेकिन उन्होंने पहले ही इस्तीफा दे दिया है और नए सदस्य की तलाश की जा रही है।