कनाडा में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या, पार्टनर अब्दुल गफूरी की तलाश जारी: भारतीय दूतावास ने दिया परिवार को मदद का भरोसा

कनाडा के टोरंटो शहर में 30 साल की भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या ने सबको झकझोर दिया है। पुलिस ने इसे इंटीमेट पार्टनर वायलेंस का मामला बताया है और मुख्य संदिग्ध उनके पार्टनर 32 साल के अब्दुल गफूरी को बताया है। उसके खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर का कनाडा-वाइड वारंट जारी किया गया है। यह टोरंटो में 2025 का 40वाँ हत्या का मामला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये वारदात 19 दिसंबर 2025 की रात की है, जब स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके में हिमांशी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई। अगले दिन 20 दिसंबर सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस ने एक घर के अंदर उनका शव बरामद किया। जाँच के बाद इसे हत्या घोषित कर दिया गया और होमिसाइड यूनिट ने केस संभाला। पुलिस का कहना है कि पीड़िता और संदिग्ध एक-दूसरे को जानते थे और इंटीमेट रिलेशनशिप में थे।

पुलिस ने अब्दुल गफूरी की तस्वीर जारी की है और लोगों से अपील की है कि अगर कोई उसके ठिकाने की जानकारी रखता है तो तुरंत बताए। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि संदिग्ध का पता नहीं है और पब्लिक की मदद की जरूरत है। जाँच जारी है और कोई दूसरा संदिग्ध नहीं है।

भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। टोरंटो में भारतीय कौंसुलेट जनरल ने एक्स पर पोस्ट किया, “हम युवा भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की टोरंटो में हुई हत्या से दुखी और स्तब्ध हैं। हम इस गहरे शोक के समय उनके शोकाकुल परिवार को अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दूतावास पिछले कुछ दिनों से इस मामले से निकट संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”

यह मामला भारत और कनाडा दोनों जगह सुर्खियाँ बटोर रहा है। हिमांशी के परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है। पुलिस पूरे कनाडा में गफूरी की तलाश कर रही है।