कनाडा में दिवाली पर आतिशबाजी पर रोक का प्रस्ताव, हिंदुओं ने जताया कड़ा विरोध: HCF ने मिसिसॉगा में बड़े प्रदर्शन का किया एलान

कनाडा के मिसिसॉगा में दिवाली पर आतिशबाजी पर प्रतिबंध का प्रस्ताव लाया गया है। इस प्रस्ताव का कनाडा में रह रहे हिंदू समुदाय के लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि यह कदम कनाडाई हिंदुओं को निशाना बनाने के लिए उठाया गया है, इससे दिवाली पर सांस्कृतिक परंपराएँ कमजोर होंगीं।

हिंदू कैनेडियन फाउंडेशन (HCF) और उत्तरी अमेरिका के हिंदुओं के गठबंधन (CoHNA) ने मेयर कैरोलिन पैरिश पर निशाना साधा और कहा कि आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाने का कारण बिल्कुल भी स्पष्ट नहीं है। साथ ही प्रतिबंध लगाने के इस कदम को हिंदुओं की संस्कृति पर ‘सीधा हमला’ बताया।

HCF ने एक बयान में कहा, “एक छोटा, समन्वित समूह जानबूझकर शिकायतें फैला रहा है, जिन्हें अब हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि हजारों शांतिपूर्ण उत्सव मनाने वालों को रोका जा सके।”

HCF ने आगे कहा, “मिसिसॉगा की मेयर कैरोलिन पैरिश एक बार फिर कमजोर और बेबुनियाद बहाने बनाकर आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रही हैं। यह उस परंपरा को दबाने का उनका दूसरा प्रयास है जिसका हिंदू कनाडाई लोगों के लिए गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है, खासकर नवरात्रि और दिवाली के नजदीक होने के कारण।”

HCF ने यह भी कहा, “कनाडा के सबसे समावेशी शहरों में से एक में, यह प्रस्तावित प्रतिबंध हिंदू समुदाय पर सीधा हमला लगता है। दुर्भाग्य से, यह कोई नई बात नहीं है। मेयर ने पहले भी एक मंदिर में आयोजित कोविड टीकाकरण शिविर का विरोध किया था, जिससे आस्था-आधारित पहलों को निशाना बनाने के उनके तरीके पर गंभीर चिंताएँ पैदा हुई थीं।

इसके साथ ही उत्तरी अमेरिका के हिंदुओं के गठबंधन (CoHNA) ने कहा, “कनाडा के सबसे विविध शहरों में से एक में, हिंदू कनाडाई लोगों से अपनी रोशनी कम करने के लिए क्यों कहा जा रहा है? यह समय अपने धर्म, अपनी संस्कृति और अपने बच्चों की यादों के लिए खड़े होने का है।”

HCF और CoHNA ने आगामी 01 अक्टूबर 2025 को कनाडाई हिंदुओं को आतिशबाजी के प्रतिबंध के विरोध में जुटने का भी आह्वान किया है। CoHNA ने लिखा,”मिसिसॉगा सिटी हॉल में हमसे जुड़ें। अपनी आवाज, अपने परिवार और अपने दोस्तों को साथ लाएँ। आइए सुनिश्चित करें कि चुप्पी हमारी विरासत न बने।”

साला 2023 में आतिशबाजी पर छूट, अब प्रतिबंध

कनाडा में हिंदू त्योहार दिवाली पर कड़े नियम और प्रतिबंध लगाना कोई नई बात नहीं है। साल 2023 में कनाडा में दिवाली पर आतिशबाजी पर कड़े नियम लागू कर छूट दी गई थी। तब Fireworks Licensing and Use By-law लागू किया गया था, जिसके तहत निजी संपत्ति पर भी पटाखे चलाने के लिए परमिट लेना अनिवार्य था।

लेकिन अब जो नया प्रस्ताव है, वह इन सभी छूटों को पूरी तरह खत्म करने की बात करता है। सिटी कमिश्नर राज शेट द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, यह योजना 2 जनवरी 2026 से लागू होगी और मिसिसॉगा में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लग जाएगा। रिपोर्ट में सार्वजनिक सुरक्षा, वायु प्रदूषण और नागरिकों की शिकायतों को कारण बताया गया है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि ब्रैम्पटन, कैलिडन और मिल्टन जैसे बाकी शहर पहले ही पूर्ण प्रतिबंध लागू कर चुके हैं।