‘तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो?’: कनाडा में युवक ने बुजुर्ग सिख को पीटा, दीं नस्लीय गालियाँ; Video आया सामने

कनाडा के ओंटारियो में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति के साथ बदसलूकी और नस्लीय टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। यह घटना 22 अप्रैल को वुडस्टॉक शहर के एक स्कूल के पास हुई। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जब बुजुर्ग व्यक्ति पैदल जा रहे थे, तभी नकाबपोश युवक ने उन्हें रोक लिया। उसने बुजुर्ग को धक्का दिया और उनसे पूछा, “तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो?” युवक लगातार नस्लीय गालियाँ देता रहा।

बुजुर्ग ने समझदारी दिखाते हुए घटना का वीडियो बनाया और पुलिस को फोन कर दिया। आरोपित युवक भागने के लिए स्कूल की दीवार फाँदकर अंदर घुस गया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जाँच में पता चला है कि बुजुर्ग को उनके धर्म और पहचान की वजह से निशाना बनाया गया। हालाँकि, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। सिख संगठनों ने इस घटना पर दुख जताया है। पुलिस का कहना है कि वे नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।