केरल में रूल्स के खिलाफ हिजाब में स्कूल पहुँची छात्रा, रोकने पर अम्मी-अब्बू ने कर्मियों को धमकाया: तनाव से 2 दिन की छुट्टी पर गया स्टाफ

केरल के कोच्चि में स्थित एक कैथोलिक स्कूल (सेंट रीटा पब्लिक स्कूल) में हिजाब को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल के नियमों में हिजाब पहनने की अनुमति नहीं है। जब एक छात्रा को हिजाब पहनकर आने से रोका गया, तो उसके अम्मी-अब्बू और कुछ अन्य लोगों ने स्कूल परिसर में जाकर जमकर हंगामा किया और हिजाब पहनने की अनुमति की माँग की।

विवाद और कर्मचारियों के मानसिक तनाव के कारण स्कूल प्रशासन ने सोमवार-मंगलवार (13-14 अक्टूबर 2025) को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विवाद कोच्चि के पालुरुथी इलाके में स्थित सेंट रीटा पब्लिक स्कूल (जिसे लैटिन कैथोलिक चर्च चलाता है) में शुरू हुआ। स्कूल के यूनिफॉर्म नियमों के अनुसार हिजाब पहनकर आने की अनुमति नहीं है। एक मुस्लिम छात्रा को रोके जाने पर उसके परिजनों हंगामा शुरु कर दिया।

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रशासन ने दो दिन के लिए स्कूल बंद करने का फैसला लिया। स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर हेलेना अल्बी ने रविवार (12 अक्टूबर 2025) को अभिभावकों को पत्र लिखकर स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विवाद से कर्मचारियों में मानसिक तनाव है और कई स्टाफ सदस्य छुट्टी पर चले गए हैं, इसलिए दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

प्रिंसिपल ने किसी का सीधा जिक्र न करते हुए कहा कि एक छात्रा ड्रेस कोड के अनुसार यूनिफॉर्म में नहीं आई थी और उन्होंने सभी अभिभावकों से स्कूल के अनुशासन का पालन करने की अपील की।

धमकी और पुलिस शिकायत

प्रिंसिपल सिस्टर हेलेना ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रिंसिपल के अनुसार, छात्रा के अब्बू और उनके साथ आए लोगों ने स्कूल परिसर में धमकाने जैसा व्यवहार किया, जिसके कारण पुलिस का सहारा लेना पड़ा।

यह हिजाब विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब केरल के मध्य हिस्सों में ईसाई और मुस्लिम समुदायों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है। पिछले साल मुवाट्टुपुझा के निर्मला कॉलेज में नमाज के लिए प्रार्थना कक्ष की माँग को लेकर भी विवाद हुआ था। हाल ही में केरल हाई कोर्ट ने मुनंबम क्षेत्र की उस जमीन पर भी फैसला सुनाया है, जिस पर वक्फ बोर्ड दावा कर रहा था, जबकि वहाँ 600 लैटिन कैथोलिक परिवार रहते हैं।

हिजाब विवाद ने एक बार फिर मजहबी प्रतीकों, स्कूल के अनुशासन और समुदायों के बीच आपसी विश्वास को लेकर बहस छेड़ दी है।