गौरक्षक चंद्रशेखर की तस्करों ने ट्रक से कुचल कर की हत्या, भड़के समर्थकों ने किया दिल्ली-आगरा हाईवे पर प्रदर्शन: CM योगी बोले- हत्यारों को छोड़ेंगे नहीं

ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा के प्रमुख चेहरे और ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर महाराज की गोतस्करों ने बेरहमी से हत्या कर दी। शुक्रवार (20 मार्च 2026) तड़के करीब 4 बजे, जब बाबा अपनी बाइक से गोतस्करों के एक ट्रक का पीछा कर रहे थे, तब तस्करों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे मथुरा में आक्रोश व्याप्त हो गया और हजारों समर्थकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने पथराव कर कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

तस्करी रोकने के दौरान हुई क्रूर हत्या

नवीपुर गाँव के पास हुई यह घटना किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा मानी जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, बाबा चंद्रशेखर को सूचना मिली थी कि तस्कर गायों से भरा ट्रक लेकर जा रहे हैं। निडर होकर बाबा ने अकेले ही अपनी बाइक से उनका पीछा शुरू किया।

पकड़े जाने के डर से गौहत्यारों ने जानबूझकर बाबा की बाइक में जोरदार टक्कर मारी और उन्हें रौंदते हुए निकल गए। स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे एक मुस्लिम युवक को दबोच लिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे।

हाइवे पर संग्राम और समर्थकों का हंगामा

बाबा की हत्या से नाराज समर्थकों ने छाता क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे पर मोर्चा खोल दिया है। सैकड़ों की तादाद में जमा लोगों ने हाईवे को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। भीड़ ने जमकर नारेबाजी की और फरार मुस्लिम आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी की माँग की। इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है।

ब्रज का बड़ा चेहरा थे चंद्रशेखर महाराज

चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ पूरे ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा आंदोलन का सबसे बड़ा नाम थे। वे पिछले कई सालों से अवैध गोतस्करी के खिलाफ अभियान चला रहे थे, जिसके कारण वे तस्करों की आँखों की किरकिरी बने हुए थे। उनकी मौत से न केवल गौरक्षकों में बल्कि आम जनता में भी भारी गुस्सा है। फिलहाल मौके पर भारी भीड़ जमा है और तनाव को देखते हुए स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।