देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बेहद जरूरी और लेटेस्ट खबर है। केंद्र सरकार ने सालों पुरानी व्यवस्था को बदलते हुए 29 जून से नई ‘कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 2026’ लागू कर दी है। इस नए नियम के तहत अब आप अपने PF खाते का पूरा पैसा एक बार में नहीं निकाल पाएँगे।
भविष्य निधि खाते से आंशिक निकासी या एडवांस निकालने पर कुल जमा राशि का कम से कम 25% हिस्सा खाते में ही छोड़ना अनिवार्य होगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाना है।
आसान गणित से समझिए नया नियम
सरकार ने PF निकासी की पुरानी 1952 की व्यवस्था को अब पूरी तरह बदल दिया है। नए नियमों के अनुसार आपके खाते में मौजूद कुल फंड के केवल 75% हिस्से को ही निकासी के योग्य माना जाएगा।
उदाहरण के लिए अगर आपके PF खाते में कुल 1 लाख रुपए जमा हैं, तो आपको 25,000 रुपए हर हाल में खाते में ही छोड़ने होंगे। बाकी बचे 75,000 रुपए को आप अपनी जरूरत के हिसाब से पूरा निकाल सकते हैं। यह नियम कर्मचारी और कंपनी दोनों के योगदान पर बराबर लागू होगा।
इन जरूरी कामों के लिए निकालें पूरा पैसा
पहले PF खाते से एडवांस पैसा निकालने के लिए कर्मचारियों को बहुत लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन नई योजना के तहत अब सिर्फ 12 महीने यानी एक वर्ष की नौकरी पूरी होने के बाद ही आंशिक निकासी की मंजूरी मिल जाएगी। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में पैसा निकालने के लिए खाताधारकों को अब कोई अतिरिक्त कारण या लंबा-चौड़ा स्पष्टीकरण देने की जरूरत भी नहीं होगी।
सरकार ने उन वजहों का दायरा काफी बढ़ा दिया है जिनके लिए PF से आसानी से पैसा निकाला जा सकता है। अब बीमारी के इलाज, बच्चों की उच्च शिक्षा और शादी-ब्याह जैसे जरूरी कामों के लिए आप अपनी पात्र राशि का पूरा 100 प्रतिशत तक निकाल सकते हैं। इसके अलावा मकान या फ्लैट खरीदने, घर बनाने के लिए प्लॉट लेने, पुराने घर की मरम्मत करवाने या होम लोन चुकाने के लिए भी PF का पैसा निकाला जा सकेगा।
UPI से आएगा पैसा और वॉट्सऐप पर दिखेगा बैलेंस
EPFO ने अपने 7 करोड़ से अधिक सदस्यों को बड़ी डिजिटल राहत देते हुए तकनीक को पूरी तरह अपग्रेड कर दिया है। अब PF का क्लेम किया हुआ पैसा सीधे आपके बैंक खाते में यूपीआई (UPI) के जरिए ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके लिए सफल टेस्टिंग पूरी हो चुकी है।
इसके साथ ही अगले एक महीने के भीतर खास वॉट्सऐप सेवा भी शुरू होने जा रही है। सदस्य केवल ‘Hello’ लिखकर अपना PF बैलेंस चेक कर सकेंगे, आखिरी 5 लेनदेन देख सकेंगे और अपने क्लेम का स्टेटस ट्रैक कर पाएँगे। यह सुविधा क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगी ताकि आम लोगों को इसे समझने में कोई परेशानी न हो।

