छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार (05 नवंबर 2025) को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ बीजापुर जिले के अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में हुई, जो तेलंगाना सीमा से सटे इलाके में स्थित हैं। सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई कई घंटों तक चली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ नक्सलियों की मद्देड एरिया कमेटी के सदस्यों से हुई थी। खुफिया सूचना पर डीआरजी, एसटीएफ और जिला पुलिस समेत सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चलाया।
सुरक्षाबलों के जंगल में प्रवेश करते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें चारों ओर से घेर लिया। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों में दो महिला सदस्य भी शामिल हो सकती हैं। इसके बाद फोर्स ने नक्सल कैंप नष्ट कर दिया और देसी बम, कारतूस और हथियार बरामद किए।
सुरक्षा एजेंसियों ने इसे बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के खात्मे की बड़ी कार्रवाई बताया है। इस अभियान के तहत नक्सल प्रभावित करीब 50 गाँवों में फोर्स मिशन मोड में काम कर रही है। सभी जवानों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं और ऑपरेशन बीजापुर अब अबूझमाड़ और करेंगुट्टा अभियानों की तर्ज पर बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।

