माओवाद का गढ़ रहे छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर, ₹70 लाख के थे इनामी

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय 16 नक्सलियों ने मंगलवार (8 अक्तूबर 2025) को पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें सात महिला नक्सली भी शामिल हैं। इन सभी पर कुल 70 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली अबूझमाड़ के माड़ डिवीजन से जुड़े हुए हैं, जिनमें डिप्टी कमांडर और कंपनी नंबर 6 के सदस्य भी हैं। हाल के महीनों में अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस की लगातार कार्रवाई, सघन सर्च ऑपरेशन और नए पुलिस बेस कैंपों की स्थापना से नक्सलियों पर दबाव बढ़ा है।

इसी कारण वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी।

हाल ही में अबूझमाड़ में दो नए पुलिस कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे सुरक्षा बलों की पहुँच दूरस्थ इलाकों तक बढ़ गई है। इस कदम से ग्रामीणों का विश्वास बढ़ा है और नक्सली संगठन लगातार कमजोर हो रहे हैं। अबूझमाड़, जो कभी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता था, अब शांति और विकास की दिशा में बढ़ रहा है।