रायपुर में 240 परिवारों ने की घर वापसी, पाँव पखारकर सनातन में हुआ स्वागत: प्रबल प्रताप ने कहा- अभियान जारी रहेगा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार (9 नवंबर 2025) को माँ कौशल्या की पावन धरा पर एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन हुआ। परम् पूज्य जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य और मार्गदर्शन में आयोजित ‘सड़क दीक्षा समस्या मार्गदर्शन समारोह’ के दौरान ‘घर वापसी अभियान’ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें कुल 240 परिवारों ने घर वापसी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व घर वापसी अभियान प्रमुख प्रबल प्रताप जूदेव ने किया, जिन्होंने परंपरागत रूप से सभी परिवारों के ‘पांव पखारकर’ उन्हें सनातन जीवन शैली अपनाने का संकल्प दिलाया। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के दृष्टिकोण से भी ऐतिहासिक माना जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप जूदेव ने कहा, “पूज्य पिता कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किए गए ‘घर वापसी’ के इस पवित्र अभियान को हम निरंतरता और अधिक सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि समाज को जोड़ने, संस्कारों को पुनर्जीवित करने और सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा को सुरक्षित रखने में जगद्गुरु नरेंद्राचार्य महाराज का आशीर्वाद और दिशा-निर्देश प्रेरणास्रोत रहे हैं।

समारोह में शामिल हुए परिवारों ने सनातन जीवन पद्धति अपनाने की शपथ ली और संगठन की ओर से उन्हें आगे हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान घनश्याम माहेश्वरी, सच्चिदानंद उपासने, अंजू गबेल समेत अनेक श्रद्धालुओं और जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी महाराज की संस्था के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।