चुनाव देखकर बने हिंदू हितैषी, वक्फ के नाम पर जमीन कब्जाने पर रहते हैं मौन: सपा-कॉन्ग्रेस पर CM योगी का वार, राम मंदिर के बहाने राजनीति पर घेरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (07 जुलाई 2026) को प्रतापगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कॉन्ग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने पूछा कि राम मंदिर चढ़ाने को लेकर विवाद पर बोलने वाले कॉन्ग्रेस और सपा वक्फ के नाम पर हुए भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हो जाती है?

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने SIT के गठन की माँग की थी। उन्होंने कहा, “मैंने कहा था कि SIT दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी। शुरुआती जाँच रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने कार्रवाई भी की, FIR दर्ज कराई गई औऱ जिनके खिलाफ साक्ष्य मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई भी हुई।”

उन्होंने आगे सपा और कॉन्ग्रेस को घेरते हुए कहा, “लेकिन मैं पूछना चाहता हूँ कि हिंदुओं की आस्था के मुद्दे पर सपा और कॉन्ग्रेस के नेताओं के मुँह पर फेविकोल क्यों लग जाता है? जब हिंदुओं के धार्मिक स्थल पर चढ़ावे के पैसे का दुरुपयोग कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने में होता था, तब क्या आस्था आहत नहीं होती थी? अब देश कॉन्ग्रेस और सपा के छलावे में नहीं आने वाला।”

सीएम योगी ने कहा, “वक्फ के नाम पर प्रदेश और देश में हजारों हेक्टेयर भूमि बेची गई। गरीबों के हित में उपयोग होने वाली जमीनों पर कब्जा किया गया। क्या सपा-कॉन्ग्रेस ने कभी इसके खिलाफ आवाज उठाई, नहीं। क्योंकि वक्फ के नाम पर इनके मुँह पर ताला लग जाता है।”