मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार (29 मई 2026) को मऊ के गाँधी मैदान पहुँचे। उन्होंने यहाँ 392 करोड़ रुपए की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। खराब मौसम के कारण CM योगी का कार्यक्रम थोड़ी देरी से शुरू हुआ।
CM योगी ने मंच से लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी बाँटे। इसके बाद CM ने ताजोपुर में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। CM योगी के आने से पहले प्रशासन अलर्ट था और विपक्ष के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया था।
Mau, Uttar Pradesh: Chief Minister Yogi Adityanath arrived to participate in the programme for the inauguration and foundation laying of 114 projects worth over ₹392 crore, held at Gandhi Maidan, Madhuban pic.twitter.com/0VrZb23JE8
— IANS (@ians_india) May 29, 2026
विकास के लिए अच्छी सरकार जरूरी
CM योगी ने अपने भाषण की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है, तभी बिना भेदभाव के विकास होता है। अच्छी सरकार आने से ही लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठता है। CM योगी ने आगे कहा कि विकास कार्य या अस्पताल किसी की जाति देखकर काम नहीं करते।
माफियाओं के सामने नतमस्तक थी सपा
CM ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उस समय की सरकार माफियाओं और गुंडों के सामने नतमस्तक थी। माफिया के सामने नेताओं के पसीने छूटते थे। उस दौर में गरीबों का राशन गुंडे डकार जाते थे और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी।
धार्मिक आयोजन रोकने वालों का हश्र रावण जैसा होगा
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 21 साल पहले मऊ को जलाने की कोशिश की गई थी। पहले लोगों को चंदा जुटाकर भी रामलीला या जन्माष्टमी मनाने की इजाजत नहीं मिलती थी। लेकिन आज कोई गुंडा धार्मिक आयोजन नहीं रोक सकता। अगर किसी ने त्योहार में खलल डाला, तो उसका अंजाम रावण और कंस जैसा होगा। अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराकर किसी हिंदू को नहीं धमका सकता।
मऊ: सीएम योगी- "आज कोई माफिया पिस्तौल लहराकर खुली जीप से चलकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता है" pic.twitter.com/z1RIzkmY4b
— Hemendra Tripathi 🇮🇳 (@hemendra_tri) May 29, 2026
बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ पर यमराज करेंगे इंतजार
CM योगी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि अब प्रदेश में कानून का राज है। अगर किसी ने बेटी या व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ किया, तो उसका सीधा सामना यमराज से होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। जो योजनाएँ सपा ने लागू नहीं होने दी थीं, उनका लाभ अब सीधे गरीबों को मिल रहा है।
ओपी राजभर ने भी सपा को घेरा
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और ऊर्जा मंत्री AK शर्मा भी मौजूद रहे। ओपी राजभर ने सपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने चंदौली और बाराबंकी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ही लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के चुनाव में सपा का बहुत बुरा हाल होने वाला है।

