UP में शिक्षामित्रों को ₹10000 की जगह अब मिलेंगे ₹18000, CM योगी ने अनुदेशकों का मानदेय भी बढ़ाया: बोले- यूपी की जेब भी भरी और शान भी बढ़ी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को विधानसभा के बजट सत्र के समापन पर प्रदेशवासियों के लिए बड़ी घोषणाएँ कीं। सीएम ने बताया कि अप्रैल से शिक्षामित्रों को 10,000 रुपए की जगह 18,000 रुपए और अनुदेशकों को 17,000 रुपए मानदेय दिया जाएगा।

साथ ही, शिक्षकों को 5 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी अब विकास के मामले में अग्रणी राज्यों में है और इस साल प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1.20 लाख रुपए के पार पहुँच जाएगी।

शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए नए कदम

सीएम योगी ने बताया कि जहाँ कस्तूरबा गाँधी विद्यालय नहीं हैं, वहाँ नए स्कूल बनाने के लिए 580 करोड़ रुपए दिए गए हैं। ‘डिजिटल एन्टरप्रेन्योर योजना’ के तहत गाँवों में 8 हजार डिजिटल उद्यमी बनाए जाएँगे, जिनमें 50 फीसदी महिलाएँ होंगी।

जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए 1000 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि स्कूलों में शौचालय और पानी की व्यवस्था होने से ‘ड्रॉप आउट रेट’ 6 से घटकर 0.3 पर आ गया है। अब 8 हजार न्याय पंचायतों में कंपोजिट विद्यालय बनाए जाएँगे।

किसानों और युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाएँ

किसानों के लिए खुशखबरी देते हुए सीएम ने कहा कि 16 लाख किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है और अब उन्हें सोलर पैनल भी दिए जाएँगे। कृषि एक्सपोर्ट के लिए 100 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

सीएम ने कहा कि अब खेती में रोबोटिक्स और ड्रोन का इस्तेमाल होगा, ताकि किसानों को कीटनाशकों के नुकसान से बचाया जा सके। युवाओं के लिए सरकार बजट में व्यवस्था कर रही है कि उन्हें फ्री एआई (AI) टूल्स उपलब्ध कराए जाएँ, क्योंकि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ही है।

प्रदेश का नया आर्थिक ढाँचा

मुख्यमंत्री ने भविष्य का रोडमैप पेश करते हुए कहा कि लखनऊ के आसपास के जिलों को ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ (SCR) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, काशी से विंध्याचल तक एक नया इकोनॉमिक जोन बनाया जाएगा।

2030 तक यूपी में 5 गीगावाट का डेटा सेंटर क्लस्टर बनाने का लक्ष्य है। सीएम ने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले राज्य कर्ज में डूबा था, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार ने वित्तीय सेहत सुधार दी है।