जिस जमीन पर था मुख्तार अंसारी का अवैध कब्जा, वहाँ बनाए गए आवासीय फ्लैट: CM योगी ने 72 परिवारों को सौंपी चाबियाँ, कहा- हर जगह माफियाओं का यही हाल होगा

लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के लोकार्पण किया। इस मौक पर माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीब वर्ग के लिए बने 72 परिवारों को आवास की चाबियाँ सौंपी गई। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि किसी सरकारी भूमि पर किसी माफिया ने कब्जा किया है तो उसका भी यही हाल होगा, जो लखनऊ में हुआ है और जो प्रयागराज में हुआ है।

ये जमीन माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। सीएम योगी ने कहा कि माफिया से भूमि मुक्त कराकर गरीबों के लिए यहाँ घर बन रहा है। ये लखनऊ का प्राइम लोकेशन है, जिसपर बाजार भाव से घर की कीमत 1 करोड़ रुपए हो जाएगी, लेकिन जनता को काफी सस्ते रेट 10.70 लाख रुपए में दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि माफिया गरीबों का शोषण अब नहीं कर पाएँगे।

उन्होंने कहा कि पेशेवर अपराधी किसी के नहीं हैं। ये हर गरीब का शोषण करते हैं, व्यापारी का अपहरण कर उनसे फिरौती वसूलते हैं और आम महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं। सामान्य वर्ग उनसे दहशत में जीने को मजबूर होता है। लेकिन अब यूपी में ऐसा नहीं होगा।

इस मौके पर लाभार्थियों ने सीएम योगी का आभार जताया। लाभार्थी शिखा अग्रवाल के मुताबिक, 12 साल से लखनऊ में रहने के बावजूद वह अपना घर नहीं बना पाई थी। अब उन्हें अपना आशियाना मिल गया है। अब अपने माता-पिता के साथ वह यहाँ रह सकती हैं।

लाभार्थी तारा देवी ने कहा कि सीएम योगी ने उनके सिर पर छत दे दी है। ये बहुत बड़ी बात है।