‘ये नकल माफिया सपा-कॉन्ग्रेस की विरासत’: NEET पेपर लीक पर गरजे CM योगी, फतेहपुर में बोले- 2017 तक सैफई सिंडिकेट ने डकैती का अड्डा बनाया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर जिले का दौरा किया। यहाँ सीएम योगी ने जिले को ₹489 करोड़ की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास और रोजगार की बात की। उन्होंने NEET पेपर लीक विवाद को लेकर भी बात की।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए संसद में कड़ा बिल लाया जाएगा ताकि भविष्य में कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ न कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रदेश में निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से योग्य युवाओं को बिना किसी सिफारिश के नौकरियाँ मिल रही हैं।

सैफई सिंडिकेट के डकैती का अड्डा बना फतेहपुर: सीएम योगी

सीएम योगी ने पूर्व सपा सरकार को घेरते हुए कहा, “2017 के पहले आकांशी जनपद था, इसका मतलब शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विकास, रोजगार, औद्योगिक विकास और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में जो पैरामीटर देश के अंदर तय किए गए थे, उनमें सबसे पिछड़े जनपदों में फतेहपुर की गिनती होती थी। विकास, फतेहपुर इस नाम से वंचित था.. क्योंकि यहाँ का पैसा सैफई सिंडिकेट के द्वारा लूट मचा दी जाती थी। सैफई सिंडिकेट के डकैती का अड्डा बन गया था फतेहपुर… यहाँ की योजनाओं को सैफई में नाच-गानों में खर्च कर दिया जाता था… उनके विदेश दौर पर खर्च कर दिया जाता था…”

सीएम ने आगे कहा, “तब न अस्पताल था, न सड़क थी, न बिजली थी और औद्योगिक निवेश की बात ही क्यों करनी है, उस प्रकार का वातावरण ही नहीं था… कानपुर और प्रयागराज का औद्योगित विकास एक ओर,.. माँ गंगा और माँ यमुना एक ओर लेकिन फतेहपुर पिछड़ा था.. इसमें नौजवानों के सामने पहचान का संकट.. नौजवानों की नौकरी पर सैफई सिंडिकट डकैती डालता था, एक नौकरी निकलती थी, उस नौकरी के लिए चाचा-भतीजे की नौकरी वसूली करने निकल पड़ती थी।”

उन्होंने बताया, “2012 से लेकर 2017 के बीच में जितनी भर्तियाँ निकली, सब विवादित हुईं। कहीं भी मेरिट का ख्याल नहीं रखा गया। कहीं भी योग्य लोगों को नौकरी नहीं मिली। 2017 के बाद परिवर्तन हुआ। अकेले यूपी में हम लोगों ने 9 वर्षों में प्रदेश के 9 लाख नौजवानों को नौकरी उपलब्ध करवाई है। आज जब मैं देखता हूँ।”

नकल माफियाओं पर सरकार की कसी नकेल: सीएम योगी

NEET पेपर लीक विवाद को लेकर विपक्ष को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने पूरी पीढ़ी के भविष्य को अँधकार में डाला था, आज वही सपा और कॉन्ग्रेस घड़ियालू आँसू बहा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “हम आभारी है पीएम मोदी के प्रति, जिन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए पिछले तीन दिनों के भीतर बड़े-बड़े निर्णय लिए हैं। कल ही केंद्रीय कैबिनेट ने निर्णय लिया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं को कम से कम 10 वर्ष और 10 करोड़ रुपए का जुर्माना तक लगाया जाएगा। कैबिनेट में पास हो गया है, अब सोमवार को संसद में लाया जाएगा। नकल माफिया मिट्टी में मिलेंगे अब।”

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ” ये नकल माफिया कॉन्ग्रेस और सपा की विरासत हैं। इन्होंने पाला हुआ था इन्हें, यही लोग पालते थे इन्हें। और आज कैसे फिर सामने आकर चेहरा दिखा रहे हैं।”