उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से जापान दौरे पर गए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (26 फरवरी) को वहाँ की अत्याधुनिक ‘मैग्लेव’ (SCMAGLEV) ट्रेन का अनुभव लिया। टोक्यो में आयोजित इस विशेष परीक्षण यात्रा के दौरान सीएम योगी ने 501 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से सफर किया।
खास बात यह है कि यह ट्रेन पटरियों को छुए बिना चुंबकीय शक्ति के सहारे हवा में तैरते हुए चलती है। मुख्यमंत्री ने इस अनुभव को ‘स्मूद’ और ‘झटकों से मुक्त’ बताते हुए इसे परिवहन की अगली पीढ़ी का भविष्य करार दिया।
हवा में तैरती ट्रेन: बुलेट ट्रेन से भी दोगुनी रफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यामानाशी टेस्ट ट्रैक पर इस सुपर हाई-स्पीड ट्रेन की तकनीक को करीब से समझा। मैग्लेव (Magnetic Levitation) तकनीक पर आधारित यह ट्रेन घर्षण (Friction) न होने के कारण 600 किमी/घंटा तक की गति पकड़ सकती है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि 500 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार होने के बावजूद सफर बहुत ही स्थिर रहा। वर्तमान में चलने वाली बुलेट ट्रेन की तुलना में यह तकनीक दोगुनी रफ्तार से चलती है और अधिक ऊर्जा-कुशल मानी जाती है।
You can see that I was travelling at 501 km/h.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 26, 2026
Experienced Japan’s advanced SCMAGLEV train in Yamanashi, a next-generation high-speed system that reaches speeds of up to 500 km/h and represents the future of clean, efficient and precision mobility.
The ride was smooth and… pic.twitter.com/Xbp8ftEwv8
ग्रीन एनर्जी और आधुनिक तकनीक का निरीक्षण
अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने केवल हाई-स्पीड ट्रेन ही नहीं, बल्कि यामानाशी प्रांत में हाइड्रोजन आधारित ग्रीन एनर्जी प्लांट का भी दौरा किया। उन्होंने वहाँ पानी से हाइड्रोजन और बिजली बनाने की आधुनिक तकनीक को समझा। यूपी में निवेश और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के इरादे से पहुँचे सीएम ने बताया कि जापान का नवाचार और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति समर्पण दुनिया के लिए एक मिसाल है।
माउंट फूजी के दर्शन और बच्चों का प्यार
जापान के यामानाशी में मुख्यमंत्री का स्वागत बेहद भावुक रहा। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भारत और जापान के झंडे लहराते हुए उनका स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने उन्हें विशेष पेंटिंग भेंट की। इस दौरे के बीच सीएम योगी ने विश्व प्रसिद्ध माउंट फूजी के भी दर्शन किए। उन्होंने इसे अनुशासन और आध्यात्मिक संतुलन का प्रतीक बताते हुए दोनों देशों के सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूती प्रदान की।

