‘उद्यमी निवेश करें, सुरक्षा की गारंटी हमारी’: दुस्साहस करने वाले माफियाओं पर गरजे सीएम योगी, निवेश मित्र पोर्टल 3.0 किया लॉन्च

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (24 मार्च 2026) लखनऊ में ‘निवेश मित्र 3.0’ और ‘उत्तर प्रदेश प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट पॉलिसी 2025’ का भव्य शुभारंभ किया। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने उद्यमियों को बड़ी सौगातें दीं।

कार्यक्रम के दौरान ₹2,781 करोड़ की सब्सिडी राशि सीधे उद्यमियों के खातों में हस्तांतरित की गई। साथ ही निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन पत्र और लेटर्स ऑफ कम्फर्ट का भी वितरण किया गया। योगी सरकार ने DBFOT मॉडल पर ‘प्लग एंड प्ले’ इंडस्ट्रियल शेड के विकास हेतु नई पॉलिसी भी लॉन्च की है।

सीएम ने कहा कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के संकल्प को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश अब इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के नए हब के रूप में दुनिया के सामने अपनी पहचान बना रहा है। सीएम ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल बन चुका है और यहाँ अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

माफियाओं को सख्त चेतावनी: ‘यमराज का टिकट तय’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अपराधी या माफिया कितना भी बड़ा क्यों न हो, या उसे किसी का भी संरक्षण प्राप्त हो, अगर उसने दुस्साहस किया तो वह सीधे यमराज के पास जाएगा।

सीएम योगी ने कहा, “अगर किसी ने उद्यमियों या जनता के साथ गलत करने की हिम्मत की, तो मानकर चलिए कि वह यमराज के पास जाने का अपना टिकट खुद काट रहा है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि 8 साल पहले जो सुरक्षित उत्तर प्रदेश का सपना देखा गया था, वह आज धरातल पर उतर चुका है, जिसके कारण दुनिया भर के उद्यमी यहाँ आने के लिए उत्सुक हैं।

कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का नया जाल

प्रदेश के विकास मॉडल की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश का हर जिला मुख्यालय 4-लेन और हर तहसील व ब्लॉक मुख्यालय 2-लेन की सड़कों से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि उद्योग केवल निवेश नहीं लाता, बल्कि अपने साथ बेहतरीन कनेक्टिविटी और विकास की नई लहर लेकर आता है।

योगी जी ने कहा कि कनेक्टिविटी के मजबूत होने से उद्योगों को रफ्तार मिली है। अब राज्य सरकार ने व्यवस्था और भी सरल कर दी है। मास्टर प्लान के तहत जो भी इंडस्ट्री लगेगी, उसका लैंड यूज सर्टिफिकेट वही माना जाएगा, जिससे उद्यमियों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

युवाओं को रोजगार और ‘फूड बास्केट’ की ताकत

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को भारत का ‘फूड बास्केट’ बताते हुए कहा कि यहाँ का युवा दुनिया में सबसे ज्यादा स्किल्ड (कुशल) है। हमारे पास ‘मार्केट रेडी’ और ‘इंडस्ट्री रेडी’ वर्कफोर्स मौजूद है, जो किसी भी बड़े उद्योग को संभालने में सक्षम है।

उन्होंने उद्यमियों का आह्वान करते हुए कहा, “एक उद्यमी जब निवेश करता है, तो वह हजारों परिवारों को दो जून की रोटी सुनिश्चित करता है। उद्योग इन्वेस्टमेंट के साथ हमारे नौजवानों को एम्प्लॉयमेंट (रोजगार) भी देता है, इसलिए उद्योगों को हर स्तर पर सपोर्ट करना हमारी प्राथमिकता है।”