सरकारी तेल कंपनियों ने मई की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब बढ़कर 3071.50 रुपए हो गई है जो पहले लगभग 2078.50 रुपए के आसपास थी।
यानी एक झटके में करीब 993 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालाँकि, राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसी के साथ 1 मई 2026 से LPG गैस की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर नए नियम भी लागू कर दिए गए हैं।
अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह OTP आधारित होगी। उपभोक्ता जब भी सिलेंडर बुक करेगा, उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा, जिसे डिलीवरी के समय एजेंट को बताना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य गैस सब्सिडी के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाना है।
इसके अलावा बुकिंग के अंतराल को लेकर भी नियमों में बदलाव किया गया है। शहरी क्षेत्रों में अब एक बुकिंग के बाद अगली बुकिंग के लिए 25 दिन का इंतजार करना होगा, जो पहले 21 दिन था। वहीं ग्रामीण इलाकों में यह अवधि 45 दिन तक रखी गई है। तय समय से पहले बुकिंग करने की कोशिश करने पर सिस्टम खुद ही उसे अस्वीकार कर देगा।
तेल कंपनियों ने यह भी संकेत दिया है कि अब हर महीने की पहली तारीख को गैस की कीमतों और नियमों की समीक्षा की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को समय-समय पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

