गुजरात कॉन्ग्रेस में 2 फाड़, अहमद पटेल के बेटे फैसल ने कॉन्ग्रेस-AP नाम की पार्टी बनाने का किया ऐलान: बहन मुमताज ने खुद को किया दूर

कॉन्ग्रेस के नेता रहे अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालते हुए संकेत दिया है कि वे कॉन्ग्रेस से अलग होकर एक नया राजनीतिक समूह बनाने पर विचार कर रहे हैं। उनकी इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ‘कॉन्ग्रेस (AP)’ नाम से नए ग्रुप की बात कही और दावा किया कि उनकी बहन मुमताज पटेल भी इसमें शामिल हो सकती हैं।

पोस्ट वायरल होने के कुछ ही समय बाद, मुमताज पटेल ने अपने भाई के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि उनका किसी भी नई पार्टी या राजनीतिक ग्रुप में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि फैसल के विचार पूरी तरह उनके व्यक्तिगत हैं और उनसे उनका कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया और लोगों से अपील की कि उन्हें फैसल की इस पहल से न जोड़ा जाए।

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब कॉन्ग्रेस पहले से ही आंतरिक असहमति और चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही है। वहीं कर्नाटक में गुटबाजी और बिहार में हार ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।