केरल के पलक्कड़ नगर पालिका से जुड़े यौन उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में कॉन्ग्रेस ने अपने पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पलक्कड़ जिला कॉन्ग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ए थैंकप्पन ने शनिवार (28 मार्च 2026) को बताया कि 24वें वार्ड के पार्षद प्रशोब सी वल्सन को मीडिया में आई खबरों के आधार पर पार्टी से बाहर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, पार्टी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया। थैंकप्पन ने स्पष्ट किया कि पार्षद पद को लेकर पार्टी के पास कोई अधिकार नहीं है और यह पूरी तरह प्रशोब का व्यक्तिगत निर्णय होगा कि वह नैतिक आधार पर इस्तीफा देते हैं या नहीं।
उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी इस मामले में आंतरिक जाँच भी कर रही है। पीड़िता अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंध रखती है। उसने आरोप लगाया है कि पार्षद ने नौकरी दिलाने का झाँसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया और बाद में गर्भपात कराने के लिए दबाव डाला। महिला ने इस संबंध में पुलिस और मुख्यमंत्री को शिकायत दी है।
भाजपा और सत्तारूढ़ LDF ने पर इस मुद्दे को लेकर कॉन्ग्रेस पर हमला बोला है। उनका आरोप है कि प्रशोब, मौजूदा विधायक राहुल ममकूटथिल के करीबी सहयोगी हैं, जिन पर भी यौन उत्पीड़न के आरोप लग चुके हैं और पहले उनकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
बता दें कि केरल में रैली करते हुए पीएम मोदी ने इस मामले में कॉन्ग्रेस को निशाने पर लिया था। उन्होंने मंच से कहा कि कल ही कॉन्ग्रेस को महिला यौन शोषण के मामले में एक और नेता को पार्टी से मजबूरी में निकालना पड़ा। यही केरल में कॉन्ग्रेस की सच्चाई है, जिससे महिलाओं को सावधान रहना है।

