महिलाओं से यौन शोषण का आरोप झेल रहे कॉन्ग्रेस विधायक राहुल मामकूटाथिल एक महीने बाद अपने क्षेत्र पालक्काड लौटे हैं। इस बीच कॉन्ग्रेस नेताओं ने चौंकाने वाला बयान दिया। पार्टी ने कहा है कि राहुल मामकूटाथिल से कोई भी मिल सकता है और पार्टी कार्यकर्ताओं पर भी कोई रोक नहीं है। दूसरी तरफ, बीजेपी युवा मोर्चा ने कॉन्ग्रेस पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है।
जिला कॉन्ग्रेस कमेटी (DCC) के अध्यक्ष ए थैंकप्पन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल ममकुटाथिल एक चुने हुए विधायक हैं। लोग उनसे मिलने के लिए आजाद हैं और उन्हें ऐसा करने से रोका नहीं जा सकता। ए थैंकप्पन ने कहा, “जिन्होंने उन्हें वोट दिया है, वे उनसे मिलेंगे। क्या उन्हें अपने प्रतिनिधि से दूर रहना चाहिए?” थैंकप्पन ने यह भी कहा कि राहुल को किसी की मदद की जरूरत नहीं है, वह अपने मतदाताओं को जानते हैं और उनसे मिलेंगे।
बीजेपी ने उठाया सवाल
वहीं, कॉन्ग्रेस के इस रुख पर बीजेपी युवा मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नेता प्रशांत सिवन ने कॉन्ग्रेस पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। प्रशांत सिवन ने कहा कि जब तक राहुल ममकुटाथिल इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सिवन ने कहा कि कॉन्ग्रेस का असली चेहरा सबके सामने आ गया है।

