उत्तर प्रदेश के संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र स्थित नगला पूर्वा गाँव के सरकारी प्राथमिक स्कूल की दीवारों पर कुरान की आयतें लिखे जाने और महापुरुषों की तस्वीरें हटाने का मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने स्कूल की महिला प्रिंसिपल पुष्पा देवी और सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुष्पा ने इस पूरे मामले के लिए नाजिम को जिम्मेदार ठहराया है।
शुक्रवार (6 फरवरी 2026) की दोपहर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि स्कूल में मजहबी गतिविधियाँ कराई जा रही हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्कूल पहुँचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रधानमंत्री, भारत माता, माँ सरस्वती, सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरें दीवारों से हटाकर एक कमरे में रख दी गईं और दीवारों पर कुरान की आयतें लिख दी गई थीं। इसे सरकारी स्कूल के नियमों के खिलाफ बताते हुए उन्होंने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा ये इस्लामिक जिहाद चलाया जा रहा है।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुची और स्थिति को सँभाला। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। विहिप और बजरंग दल की ओर से थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई है। बीएसए अलका शर्मा ने बताया कि पूरे प्रकरण की विभागीय जाँच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस भी मामले की जाँच कर रही है।

