चिकन-मटन भोज की आड़ में धर्मांतरण की कोशिश, चंगाई सभा के नाम पर बुलाई भीड़: MP के गुना में पादरी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के गुना जिले में जनजातीय हिंदुओं को ईसाई बनाए जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित पास्टर उत्तम बारेला को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई म्याना थाना क्षेत्र में चंगाई सभा के नाम पर जनजातियों के धर्मांतरण की कोशिश के मामले में की गई है। इसमें शामिल दूसरे आरोपित पास्टर विकास बारेला की तलाश अभी जारी है।

गौरतलब है कि 5 अप्रैल 2026 को मोहनपुर खुर्द गाँव में दो बकरे और 40 मुर्गे काटकर 300-400 लोगों के लिए भोज तैयार किया गया था और चंगाई सभा के नाम पर लोगों को इकट्ठा किया गया। सभा में शामिल लोगों से कहा गया कि प्रार्थना से बीमारी और नशा दोनों ठीक हो सकते हैं।

कई ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल या पारंपरिक इलाज से राहत न मिलने पर उन्हें यहाँ बुलाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मिशनरी से जुड़े लोग हर रविवार ऐसी सभाएँ कराते थे और इसे मन परिवर्तन बताते थे। ईस्टर पर हुई इस सभा का वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित लोग गायब हो गए थे।

पुलिस ने इस मामले में पहले ही FIR दर्ज कर ली थी और अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जाँच में इस गतिविधि के पीछे एक संगठित तंत्र के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।