तमिलनाडु में दितवाह का कहर: 3 की मौत, 57000 हेक्टेयर फसल जलमग्न और तूफान से 234 घर भी क्षतिग्रस्त

साइक्लोन दितवाह के असर से तमिलनाडु में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम से जुड़ी तीन अलग-अलग घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। तूतीकोरिन और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की जान गई, जबकि मयिलादुथुराई में करंट लगने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तूफान और भारी बारिश की वजह से तटीय इलाकों में 234 झोपड़ियाँ और कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके अलावा 149 मवेशियों की मौत हुई है और लगभग 57,000 हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूब चुकी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।

श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद, दितवाह चक्रवात रविवार (30 नवंबर 2025) की शाम तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम और मयिलादुथुराई सहित कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

राज्य में राहत और बचाव के लिए NDRF और SDRF की 28 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात से भेजी गई 10 अतिरिक्त टीमें भी चेन्नई पहुँच चुकी हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण शनिवार (29 नवंबर 2025) को 54 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने मौसम बिगड़ने के चलते छुट्टी घोषित कर परीक्षाएँ स्थगित कर दी हैं।