जामिया में दलित महिला के गैंगरेप-धर्मांतरण केस पर महिला आयोग सख्त, आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश: दिल्ली पुलिस से माँगी रिपोर्ट

दिल्ली के जामिया नगर इलाके में एक दलित महिला के साथ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने दिल्ली पुलिस से तुरंत कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर विस्तृत रिपोर्ट माँगी है।

आयोग ने सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसमें FIR में शामिल धाराओं, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और SC/ST एक्ट के तहत की गई कार्रवाई, आरोपितों की गिरफ्तारी, मेडिकल जाँच, फॉरेंसिक जाँच और मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज पीड़िता के बयान जैसी जानकारियाँ माँगी गई हैं।

महिला आयोग ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा, जातीय उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण जैसे आरोप बेहद गंभीर हैं। आयोग ने निष्पक्ष और संवेदनशील जाँच की माँग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया है। गौरतलब है कि पीड़िता के साथ फहीम ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर गैंगरेप किया था।

आरोपितों ने उसकी वीडियो बनाई और बाद में उसी का इस्तेमाल करके वो उसे ब्लैकमेल करने लगे थे। इसके बाद जबरन उसका धर्मांतरण करा दिया गया था।