अमेरिका में भीषण शीतकालीन तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस बर्फीले तूफान के कारण अब तक 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि लाखों घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कई राज्यों में तेज बर्फबारी, तूफानी हवाओं और जमा देने वाली ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सड़कों पर यातायात ठप है और राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।
इसी बीच मेन राज्य से एक और गंभीर घटना सामने आई है। रविवार (25 जनवरी 2026) की रात मेन के प्रमुख हवाई अड्डे बांगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि आठ यात्रियों को लेकर उड़ान भरने वाला बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 विमान शाम करीब 7:45 बजे टेकऑफ के तुरंत बाद जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई
नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के अनुसार, टेक्सास से न्यू इंग्लैंड तक जानलेवा परिस्थितियाँ बन गईं। स्कूल बंद, उड़ान रद्द और सड़कें बाधित रहीं। मौसम विज्ञानों ने बताया कि यह तूफान आर्कटिक के ऊपर बनने वाले शक्तिशाली पश्चिमी हवाओं के घेरे, पोलर वॉर्टेक्स के कारण आया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 24 जनवरी तक कम से कम 12 राज्यों में आपातकाल की घोषणा की थी।
Historic winter storm kills at least 10 across US.
— AFP News Agency (@AFP) January 26, 2026
A monster storm barreling across swathes of the United States has prompted warnings to stay off the roads, mass flight cancelations and power outageshttps://t.co/bmZzzD4Z5R pic.twitter.com/A5j0bm9XWp
अमेरिका में बर्फीले तूफान से हालात गंभीर, आधे से अधिक राज्यों में आपातकाल
अमेरिका के लगभग आधे राज्यों ने आपातकाल घोषित कर दिया है। इसी वजह से अमेरिकी सीनेट ने सोमवार, 26 जनवरी 2026 की रात होने वाला अपना निर्धारित मतदान भी रद्द कर दिया। रविवार (25 जनवरी 2026) की दोपहर तक करीब 8 लाख 22 हजार घरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। तेज बर्फबारी और तूफानी हवाओं के कारण बिजली लाइनों को भारी नुकसान पहुँचा है।
हवाई सेवाएँ भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। फ्लाइट अवेर के मुताबिक लगभग 11000 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, एविएशन डेटा कंपनी किरीउम ने बताया कि कोविड के बाद यह अमेरिका में विमानन क्षेत्र के लिए सबसे खराब दिन रहा जब 17000 से ज्यादा उड़ानें किसी न किसी रूप में प्रभावित हुईं।
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) ने हालात को देखते हुए कई राज्यों में पहले से ही अपने कर्मी, जरूरी आपूर्ति और सर्च व रेस्क्यू टीमें तैनात कर दी थीं। वॉशिंगटन डीसी की मेयर मुरिएल बॉवसर ने कहा कि राजधानी में दशक का सबसे बड़ा बर्फीला तूफान देखने को मिल रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
नेशनल वेदर सर्विस की मौसम विज्ञानी एलिसन सैंटॉरेल्ली ने CBS को दिए इंटरव्यू में कहा कि बर्फ और जमी हुई बर्फ बहुत धीरे-धीरे पिघलेगी और जल्दी हटने वाली नहीं है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में दिक्कतें आ सकती हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि मिडवेस्ट के इलाकों में अत्यधिक ठंडी हवाओं के कारण कुछ ही मिनटों में फ्रोस्टबाइट होने का खतरा है। विस्कॉन्सिन के राइनलैंडर शहर में शनिवार को तापमान -36°F दर्ज किया गया जो पिछले करीब 30 वर्षों में सबसे कम बताया जा रहा है।

