पश्चिम बंगाल में सैन्य स्टेशन से पकड़ा गया बांग्लादेशी घुसपैठिया, मजदूर बनकर कर रहा था जासूसी: फर्जी आधार-पैन से भारत में की थी घुसपैठ

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के पास स्थित बंगडुबी सैन्य स्टेशन में एक बांग्लादेशी नागरिक के घुसपैठ का मामला सामने आया है। भारतीय सेना ने उसे एक री-वेरिफिकेशन अभियान के दौरान पकड़ा, जब उसकी पहचान को लेकर संदेह हुआ।

जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति पिछले कुछ समय से सैन्य स्टेशन में नागरिक श्रमिक (civilian labourer) के रूप में काम कर रहा था। जाँच में उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर ID कार्ड और एक बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र बरामद हुआ। सेना ने बताया कि नियमित जाँच के दौरान उसकी पहचान संदिग्ध लगी, जिसके बाद विस्तृत सत्यापन में उसका बांग्लादेशी होना उजागर हुआ।

सेना अधिकारियों ने तुरंत उसे पुलिस के हवाले कर दिया है और आगे की जाँच व कानूनी कार्रवाई जारी है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, सैन्य खुफिया इकाइयाँ पूरी तरह सतर्क हैं और संवेदनशील ठिकानों पर नागरिकों की पहुँच की नियमित जाँच जारी रहेगी।

सेना ने कहा कि यह घटना इस बात का संकेत है कि कई बांग्लादेशी नागरिक जाली भारतीय दस्तावेज बनवाकर देश में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा जोखिम बढ़ रहे हैं। इस मामले ने सीमा पार घुसपैठ और फर्जी पहचान के खतरों को एक बार फिर उजागर किया है।