दिल्ली पुलिस ने सोमवार (20 अप्रैल 2026) को बुजुर्ग की हत्या के मामले में आजाद और उसकी बीवी रूबीना को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर 63 वर्षीय रिटायर्ड भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कर्मी माधो राम की हत्या का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अप्रैल की शाम को मध्य दिल्ली स्थित घर में चाकू से गला रेतकर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 5:36 बजे मंदिर मार्ग थाने में एक पीसीआर कॉल आई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुँची। वहाँ घर की पहली मंजिल पर माधो राम मृत अवस्था में मिले। उनके शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे। उन्हें तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया और वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Delhi Police solved the Mandir Marg stabbing case within 24 hours, arresting Azad alias Jaaju and his wife Rubina for the murder of a 63-year-old retired RBI employee. The accused allegedly killed him over a money dispute. Rubina also helped destroy evidence; investigation… pic.twitter.com/P521oFNhDK
— IANS (@ians_india) April 20, 2026
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माधो राम RBI में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियाँ हैं। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की फॉरेंसिक जाँच की और आसपास के CCTV फुटेज को भी चेक किया। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों की पहचान कर स्थानीय मुखबिरों और खुफिया नेटवर्क को भी सक्रिय किया गया।
जाँच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपितों आजाद उर्फ जाजू और उसकी बीवी रूबीना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आजाद ने हत्या करने की बात कबूल की है। हालाँकि, हत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की आगे की जाँच जारी है।

