दिल्ली ब्लास्ट में उड़े डॉक्टर उमर की लाल फोर्ड ईकोस्पोर्ट बरामद, फर्जी मदरसा पते से खरीदी गई कार: पुलिस की छापेमारी में मिले नए सुराग

दिल्ली धमाके के आरोपित डॉक्टर उमर उन नबी की लाल फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार हरियाणा के खंडावली गाँव के पास बरामद हुई। जाँच में पता चला है कि यह कार फर्जी पते पर खरीदी गई थी और धमाके से पहले इसे इस्तेमाल किया गया था।

यह कार 22 नवंबर 2017 को दिल्ली के राजौरी गार्डन RTO में रजिस्टर्ड हुई थी। जाँच में पता चला कि उमर ने कार खरीदने के लिए पूर्वोत्तर दिल्ली के एक मदरसे के पते का फर्जी इस्तेमाल किया था।

दिल्ली पुलिस ने देर रात उस पते पर छापा मारा, जहाँ मौलवी तसव्वर द्वारा संचालित मदरसा है। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस जाँच के लिए वहाँ पहुँची थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार धमाके में इस्तेमाल की गई सफेद हुंडई i20 के बाद आतंकियों का सेकंडरी वाहन थी। एजेंसियों का मानना है कि इस कार में अब भी सबूत या विस्फोटक हो सकते हैं।

जाँच एजेंसियाँ CCTV फुटेज, टोल रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा खंगाल रही हैं। बताया जा रहा है कि उमर ने अपने साथियों की गिरफ्तारी के बाद घबराहट में अकेले ही धमाका किया। वह पहले जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में डॉक्टर था और बाद में फरीदाबाद के अल-फलाह मेडिकल कॉलेज से जुड़ा था। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है।