दिल्ली में भीषण गर्मी पर ‘CM दीदी’ की छाँव: ‘हीटवेव एक्शन प्लान’ के तहत रेखा सरकार ने बाँटे 10 लाख+ ORS, जगह-जगह ‘मोबाइल हीट रिलीफ वैन’ भी तैनात

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे के बीच दिल्ली सरकार ने ‘हीटवेव एक्शन प्लान 2026’ को मिशन मोड में लागू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार (27 मई 2027) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘संवेदनशील, तैयार एवं जन-केंद्रित शासन’ की सोच के तहत लागू की जा रही है। 1 मई से लागू यह प्लान 15 जून तक चलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, राजधानी में गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए कई स्तरों पर तैयारी की गई। सरकार की ओर से अब तक 10 लाख से अधिक ORS (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) के पैकेट वितरित किए गए ताकि लू और डिहाइड्रेशन के खतरे को कम किया जा सके। इसके अलावा, शहर के अलग-अलग हिस्सों में ‘मोबाइल हीट रिलीफ वैन’ भी तैनात की गई हैं जो जरूरतमंद लोगों तक राहत और प्राथमिक सहायता पहुँचाने का काम करेंगी।

स्कूलों में बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए ‘वॉटर बेल सिस्टम’ भी सक्रिय किया गया है। इसके तहत समय-समय पर छात्रों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे गर्मी के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सके। दिल्ली सरकार ने केवल लोगों ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी राहत इंतजाम किए जाने की बात कही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर पानी और कूलिंग पॉइंट्स की व्यवस्था की गई है ताकि भीषण गर्मी के दौरान जानवरों और पक्षियों को भी राहत मिल सके। दिल्ली में लगातार बढ़ते तापमान के बीच सरकार का कहना है कि हीटवेव से होने वाले जोखिम को कम करने के लिए यह अभियान प्राथमिकता के आधार पर चलाया गया।