‘डॉग लवर’ बताया जा रहा CM रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला, माँ बोली- वह पशु प्रेमी, कुत्ते वाले मामले से था दुखी: दिल्ली पुलिस कर रही जाँच

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनसुनवाई सीएम रेखा गुप्ता पर हमला। जनसुनवाई के दौरान आरोपित राजेश दस्तावेज लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुँचा और बातचीत के दौरान अचानक चिल्लाने लगा फिर उन पर हमला कर दिया।

मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित राजेश, सकरिया मूल रूप से राजकोट गुजरात का रहने वाला है। उसके पड़ोसी ने मीडिया को बताया कि राजेश को कुत्तों से बेहद लगाव है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम भेजने के हालिया आदेश से वह काफी परेशान था।

कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि आरोपित अपने रिश्तेदार की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री से मदद माँगने आया था। वहीं, चश्मदीदों के मुताबिक वह नशे में प्रतीत हो रहा था, लेकिन इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नही की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।