दिल्ली में DDA जमीन पर बने अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर, BJP MLA करनैल सिंह बोले- सरकारी जमीन पर कब्जा किसी हाल में बर्दाश्त नहीं

दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में शुक्रवार (22 मई 2026) को अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई। यह मामला शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है, जहाँ भाजपा विधायक करनैल सिंह की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध ढाँचे को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि संबंधित स्थान पर लंबे समय से बिना वैध अनुमति के निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस ढाँचे को मदरसा और पास में बने अस्थायी निर्माण को मस्जिद के तौर पर इस्तेमाल किए जाने का दावा कर रहे थे।

DDA की जमीन पर था अवैध

स्थानीय प्रशासन और विधायक का कहना है कि यह जमीन दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की है और इस पर निर्माण के लिए कोई कानूनी अनुमति नहीं ली गई थी। विधायक करनैल सिंह ने बताया कि अदालत और संबंधित अधिकारियों की ओर से पहले ही जमीन खाली करने के निर्देश दिए जा चुके थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई जरूरी थी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौके पर मौजूद रही और किसी भी तनावपूर्ण स्थिति को रोकने के लिए दोनों पक्षों को अलग किया गया।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएँगे ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।