दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शुक्रवार (1 मई 2026) की रात 30 साल के न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा अपने घर में मृत पाए गए। अमन कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव के पद पर कार्यरत थे।
शुरुआती जाँच में पुलिस इस मामले को आत्महत्या का मामला मान रही है। हालाँकि सभी पहलुओं की जाँच जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का आरोप और पुलिस जाँच
जानकारी के मुताबिक, अमन कुमार शर्मा राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे और दिल्ली न्यायिक सेवा में 2021 में शामिल हुए थे। जज अमन कुमार शर्मा की मौत को लेकर उनके परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के अनुसार, अमन ने रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया था और कहा था कि वह बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है।
इसके बाद उनके पिता तुरंत अलवर से रवाना हो गए और रात करीब 12 बजे घर पहुँचे। वहाँ पहुँचने पर उन्हें पता चला कि अमन की अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था।
परिजनों का कहना है कि अमन की पत्नी स्वाति, जो एक न्यायिक अधिकारी हैं और उनकी बहन निधि मलिक, जो एक IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में जम्मू में तैनात हैं, उनके बीच भी विवाद की स्थिति बताई गई है। अमन ने आरोप लगाया था कि निधि मलिक उनके निजी जीवन में दखल देती हैं और घर के मामलों को नियंत्रित करती हैं।
#WATCH | Delhi | Judge dies by suicide in Safdarjung | Father-in-law of Judge Aman Kumar Sharma's sister says, "… I spoke to my son on the call who told me that they are taking Aman to Safdarjung Hospital. By the time I reached the hospital, the doctor had already declared him… https://t.co/NIZzllpQHZ pic.twitter.com/xytKBREpUi
— ANI (@ANI) May 2, 2026
अमन के पिता ने यह भी बताया कि उनकी बहू ने उन्हें घर से जाने की बात कही और पुलिस बुलाने की धमकी दी। इसके बाद परिवार के बीच तनाव और बढ़ गया। बताया गया कि अगली सुबह भी बातचीत की कोशिशें हुईं लेकिन बहू के माता-पिता ने फोन ब्लॉक कर दिया।
घटना के दौरान घर में झगड़ा और तेज आवाजें सुनाई दीं। कुछ देर बाद शांति हो गई, लेकिन अमन का कोई पता नहीं चला। जब परिजनों ने उन्हें ढूँढने की कोशिश की तो बाथरूम से मोबाइल की घंटी सुनाई दी।
इसके बाद दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन नहीं खुल सका। अंत में पड़ोसियों की मदद से सीढ़ी लाई गई और खिड़की तोड़कर बाथरूम में गए। वहाँ अमन को फंदे से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है और घर के आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी साजिश के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन हर एंगल से मामले की जाँच की जा रही है।

