दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ एक्शन चेज, बीते 9 माह में 1589 को किया गया डिपोर्ट: पहलगाम आतंकी हमले के बाद से अभियान में आई तेज

दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में बड़ा अभियान चलाया है। इस दौरान सैकड़ों लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर देश से बाहर भेजा गया है। गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई ने अब और रफ्तार पकड़ ली है, खासकर सुरक्षा से जुड़े मामलों के बाद।

दिल्ली पुलिस के आँकड़ों के मुताबिक, जून 2025 से फरवरी 2026 के बीच राजधानी में 1,589 बांग्लादेशी घुसपैठियों और 55 रोहिंग्याओं की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में डिपोर्ट कर दिया गया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह संख्या इससे पहले नवंबर 2024 से मई 2025 के बीच मिले 720 लोगों के मुकाबले काफी ज्यादा है।

इस अभियान की शुरुआत नवंबर 2024 में गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई थी, जिसमें अवैध प्रवासियों की पहचान, सत्यापन और हिरासत पर जोर दिया गया था।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद और सख्ती

22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस अभियान में और तेजी लाई गई। हमले के बाद महज एक महीने में करीब 500 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को चिन्हित कर उन्हें वापस भेजा गया। पहले इन लोगों को ट्रेन और सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल ले जाकर सीमा के जरिए भेजा जाता था, लेकिन बाद में इन्हें हिंडन एयरबेस से विशेष उड़ानों के जरिए अगरतला पहुँचाया गया, जहाँ से उन्हें सीमा पार कराया गया।

डेटा के अनुसार, 2025 में सबसे ज्यादा कार्रवाई दिल्ली के आउटर जिले (386) में हुई, इसके बाद साउथ-ईस्ट (287), नॉर्थ-वेस्ट (249), नॉर्थ (194) और साउथ (191) जिलों का स्थान रहा। पुलिस के अनुसार, आउटर जिले में बड़ी संख्या में ये लोग हरियाणा और राजस्थान की सीमा से लगे ईंट-भट्टों में मजदूरी करते पाए गए।

पुलिस ने ठेकेदारों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई की। इसके अलावा फर्जी दस्तावेज, नौकरी और रहने की व्यवस्था कराने वाले गिरोहों के खिलाफ कई FIR दर्ज की गई हैं और चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी हैं।