PM मोदी और उनकी माँ के ‘अपमानजनक’ AI वीडियो पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कॉन्ग्रेस की IT सेल के खिलाफ दर्ज की FIR

दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माँ हीराबेन मोदी की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बनाए गए डीपफेक वीडियो के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। 10 सितंबर को यह वीडियो बिहार कॉन्ग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘INC बिहार’ से पोस्ट किया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी दिल्ली चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकित गुप्ता की शिकायत पर नॉर्थ एवेन्यू थाने में कॉन्ग्रेस और कॉन्ग्रेस आईटी सेल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह AI जनरेटेड वीडियो प्रधानमंत्री और उनकी माँ की छवि को अपमानजनक तरीके से दिखाने के इरादे से बनाया गया था।

संकित गुप्ता ने यह भी कहा कि इससे पहले 27-28 अगस्त को दरभंगा में आयोजित कॉन्ग्रेस-राजद की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान भी प्रधानमंत्री और उनकी माँ को लेकर अभद्र टिप्पणियाँ की गई थीं। उनका आरोप है कि कांग्रेस का यह कदम सुनियोजित साजिश है और इसके जरिए चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

यह मामला BNS की धाराओं 318(2), 336(3), 336(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है। साथ ही, दिल्ली पुलिस ने डिजिटल सबूतों के आधार पर अपनी जाँच शुरू कर दी है।