दिल्ली को फिर दहलाने की साजिश नाकाम, ISI के 4 आतंकी गिरफ्तार: पाकिस्तान भेजे थानों-मंदिरों के Video, भीड़भाड़ वाले इलाके में अंधाधुंध फायरिंग का था प्लान

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली और पंजाब से चार खतरनाक आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम साजन उर्फ हनी, गगनप्रीत, रिषी, शुभदीप है।

ये चारों आतंकी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शाहजाद भट्टी के इशारे पर राजधानी को दहलाने की साजिश रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से तुर्की की मशहूर जिगाना पिस्टल समेत विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

जाँच में सामने आया है कि पकड़े गए आतंकियों में से गगनप्रीत को बेहद खतरनाक काम सौंपा गया था। वह दिल्ली के पुलिस थानों, चौकियों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर रहा था। उसने इन जगहों के Video बनाकर पाकिस्तान भी भेजे थे।

उसे दिल्ली में किसी भीड़भाड़ वाली जगह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का टास्क मिला था। इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने पंजाब के अमृतसर और दिल्ली में ताबड़तोड़ छापेमारी की थी।

सबसे पहले शुभदीप सिंह को पकड़ा गया, जो ड्रोन से आने वाले हथियारों की खेप लेता था। उसकी निशानदेही पर गुरजंत सिंह, और गगनप्रीत को दबोचा गया। पुलिस अब इनके बाकी मददगारों की तलाश कर रही है।