पाकिस्तान-नेपाल-बांग्लादेश के रास्ते आ रहे थे विदेशी हथियार, दिल्ली पुलिस ने 10 तस्करों को किया गिरफ्तार: इंटरनेशनल सिंडिकेट का भंडाफोड़, घातक बंदूकें बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल को ध्वस्त करते हुए 10 मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़ा था और दिल्ली के पुरानी दिल्ली (वॉल्ड सिटी) इलाके से संचालित हो रहा था।

पुलिस ने इनके पास से 21 घातक विदेशी हथियार बरामद किए हैं, जो दिल्ली-NCR के गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे। बरामद हथियारों में सबमशीन गन और घातक PX-5.7 जैसी पिस्तौलें शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर स्पेशल फोर्स द्वारा किया जाता है।

इसके अलावा शैडो CZ, बेरेटा और टॉरस जैसी हाई-एंड पिस्तौलें भी मिली हैं। ये हथियार पाकिस्तान से नेपाल सीमा के जरिए भारत लाए गए थे। पुलिस जाँच में सामने आया है कि यह गिरोह सीमा पार से हथियारों की तस्करी कर उन्हें दिल्ली और आसपास के राज्यों के बड़े अपराधी गिरोहों तक पहुँचाता था। क्राइम ब्रांच इसे सुरक्षा के लिहाज से बड़ी कामयाबी मान रही है क्योंकि पकड़े गए अपराधी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय थे।