दिल्ली BJP मुख्यालय पर टेरर अटैक का अलर्ट, आत्मघाती हमले और कार बम की साजिश की आशंका: चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात

दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने DDU मार्ग स्थित BJP के केंद्रीय कार्यालय पर आतंकी हमले का बड़ा अलर्ट जारी किया है। आतंकी संगठन यहाँ आत्मघाती हमले, कार बम या IED के जरिए साजिश रच सकते हैं।

इनपुट मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है।

कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्त चेकिंग हो रही है। CCTV कैमरे से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

आतंकी खतरे के साथ-साथ पुलिस राजनीतिक हलचल पर भी नजर रख रही है। BJP नेताओं का कहना है कि बंगाल में शपथ ग्रहण के बाद विपक्ष प्रदर्शन कर सकता है। इसे रोकने के लिए भी अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत जानकारी देने की अपील की है। फिलहाल पूरे इलाके में गश्त तेज कर दी गई है।