दिल्ली पुलिस ने 328 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) ड्रग्स जब्त किया है। इस ड्रग की कीमत ₹262 करोड़ है। पुलिस ने दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पकड़े गए तस्करों के तार शाहीन बाग से जुड़ रहे हैं। फिलहाल जाँच जारी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “ड्रग्स की जाँच में पूरी ताकत से आगे बढ़ते हुए नई दिल्ली में ₹262 करोड़ कीमत की 328 किलो मेथामफेटामाइन जब्त कर और दो लोगों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की गई।”
अमित शाह ने आगे लिखा, “यह अभियान पीएम नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के निर्बाध समन्वय का एक शानदार उदाहरण है।” केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने NCB और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को बधाई भी दी।
इससे पहले भी दिल्ली पुलिस ने 4 ड्रग्स तस्करों को ₹100 करोड़ की कीमत के मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया था। पकड़े गए सभी तस्कर विदेशी थे।

