ISIS आतंकी अदनान खान और मोहम्मद खान का होगा पॉलीग्राफी टेस्ट: ‘कनेक्शन और टारगेट’ का पता लगाने में जुटी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल

इस्लामिक स्टेट के आतंकियों, मोहम्मद अदनान खान और मोहम्मद खान की पॉलिग्राफी टेस्ट दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कराएगी। 24 अक्टूबर 2025 को अदनान को दिल्ली से जबकि मोहम्मद खान को भोपाल से गिरफ्तार किया गया था। इनके मोबाइल से आईएस के लिए ‘वफादारी निभाने की शपथ’ वाली एक वीडियो मिली है।

मोबाइल में करीब 2 से 3 दूसरे वीडियो भी मिले हैं। इसके आधार पर अब दिल्ली पुलिस जानना चाहती है कि ये कितने जेहादी और कट्टरपंथी बन चुके हैं और इनका टारगेट क्या था। इनका साइकोलॉजिकल टेस्ट करवाने की बात भी कही जा रही है।

स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाहा के मुताबिक, इनके मोबाइल का डाटा रिट्रीव करवाया जा रहा है, ताकि ये पता चल सके कि इनलोगों ने अब तक कितने युवाओं को ‘जेहादी’ बनाया और कहाँ-कहाँ ये लोग सक्रिय हैं।

पुलिस के मुताबिक, ये हर दिन इंस्टाग्राम पर नई आईडी बनाते थे और फिर उसे एक दिन बाद डिलीट कर देते थे। साथ ही मोबाइल डाटा भी डिलीट कर देते थे। इससे पुलिस ये पता लगाने में जुट गई है कि इनका टारगेट क्या था?

आतंकियों के पास से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, एसिड, सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग्स, आईईडी सर्किट और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं। जाँच में सामने आया है कि दोनों आरोपित पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर्स के संपर्क में थे। अब तक की जाँच में दिल्ली ये अंदाज लगा रही है कि ये लोग भीड़भाड़ वाले इलाकों में आईईडी ब्लास्ट करने की योजना बना रहे थे।