दिल्ली में लाल किले के सामने कार ब्लास्ट, कई लोगों के हताहत होने की आशंका: PM मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह से की फोन पर बात

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम (10 नवंबर 2025) करीब 6:55 बजे एक पार्क्ड कार में जोरदार धमाका हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास हुआ, जहाँ कार में लगी आग की चपेट में तीन अन्य वाहन भी आ गए। आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और भीड़भाड़ वाले इलाके में दहशत फैल गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बम धमाके की घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से घटना की अपडेट ली।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि रेड लाइट के पास खड़े वाहन में करीब 6 बजकर 52 मिनट पर धमाका हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विसेज को कॉल मिलते ही सात फायर टेंडर मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पा लिया। 2-3 लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने साइट को सील कर जाँच शुरू कर दी।

एएनआई के मुताबिक, 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जिन्हें मृत हालत में LNJP अस्पताल ले जाया गया था। मृतकों का आँकड़ा बढ़ सकता है।

शुरुआती जाँच में धमाके की वजह कार का CNG सिलेंडर फटना या अन्य तकनीकी खराबी लग रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियाँ इसे हल्के में नहीं ले रही। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह लोकल इंसिडेंट हो सकता है, लेकिन हम हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं। कोई सुरक्षित नहीं रहेगा।” घटना के समय वहाँ पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिससे हादसा बड़ा हो सकता था।

बता दें कि दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट सूटकेसों और प्लास्टिक कंटेनरों में बरामद हुआ, जो विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होता है। पुलिस ने इसे जब्त कर जाँच शुरू की, लेकिन दोनों घटनाओं को जोड़ना जल्दबाजी होगी।