दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए बम धमाके की साजिश सुलझाने में जुटी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को बड़ी कामयाबी मिली है। जाँच टीम ने इस मामले में जम्मू-कश्मीर से दो और आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
इनकी पहचान गंदेरबल के जमीर अहमद अहंगर और श्रीनगर के तुफैल अहमद भट के रूप में हुई है। इन नई गिरफ्तारियों के साथ ही इस केस में अब तक कुल 11 लोग सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं।
NIA की जाँच में खुलासा हुआ है कि इन दोनों आरोपितों ने धमाके के मास्टरमाइंड ‘उमर उन नबी’ को हथियार और गोला-बारूद सप्लाई किए थे। बता दें कि 10 नवंबर 2025 को हुए इस भीषण धमाके में 11 लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे।
मुख्य आरोपित उमर उन नबी खुद भी उसी धमाके में मारा गया था। एजेंसी ने बताया कि ये दोनों आरोपित न सिर्फ दिल्ली ब्लास्ट बल्कि अन्य आतंकी गतिविधियों में भी शामिल थे। NIA ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है।

