दिल्ली कार ब्लास्ट केस में NIA की बड़ी कार्रवाई, कश्मीरी डॉक्टर बिलाल नसीर मल्ला पकड़ाया: आतंकी उमर को पनाह देने और सबूत मिटाने का आरोप, अब तक 8 गिरफ्तारी

दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में NIA ने एक और डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने कश्मीर के बारामूला निवासी डॉ बिलाल नसीर मल्ला को पकड़ा है। उस पर सुसाइड बॉम्बर डॉ उमर नबी मोहम्मद को पनाह देने और सबूत नष्ट करने का आरोप है। इसके साथ ही इस केस में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।

डॉ बिलाल की गिरफ्तारी और अदालत में पेशी

NIA का कहना है कि डॉ बिलाल ने दिल्ली ब्लास्ट का साजिशकर्ता आतंकी उमर नबी मोहम्मद को छिपाया, मदद दी और सबूत मिटाने में भी शामिल रहा। डॉ बिलाल को दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ जस्टिस ने उन्हें 7 दिन की एनआईए कस्टडी में भेज दिया। इसी के साथ पहले गिरफ्तार किए गए आरोपित अमीर रशीद अली की कस्टडी भी सात दिन बढ़ा दी गई।

ब्लास्ट की साजिश और डॉक्टरों की भूमिका

NIA के अनुसार यह धमाका जैश-ए-मोहम्मद की बड़ी साजिश का हिस्सा था। 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास कार में धमाका किया गया था। इसमें 15 लोगों की मौत हुई। धमाका उसी कार में हुआ जिसमें उमर नबी मोहम्मद बैठा था। जाँच में सामने आया कि कई डॉक्टर और पढ़े-लिखे लोग इस नेटवर्क से जुड़े थे, इसलिए इसे ‘व्हाइट कॉलर मॉड्यूल’ कहा जा रहा है।

अब तक कितनी गिरफ्तारियाँ

इस केस में अब तक डॉक्टर मुझम्मिल गनई, डॉ अदील राठर, डॉ शाहीना सईद, मौलवी इरफान, अमीर रशीद अली, जासिर बिलाल वानी और अब डॉ बिलाल नसीर मल्ला गिरफ्तार हो चुके हैं। NIA ने कहा है कि जाँच अभी जारी है और साजिश की हर कड़ी तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है।