दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट की जाँच में एक नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस के CCTV फुटेज से पता चला है कि विस्फोटक से भरी हुंडई I-20 कार, धमाके से करीब 3 घंटे पहले तक सुनहरी मस्जिद के पास पार्किंग में खड़ी थी।
इस धमाके में 8 लोगों की मौत हुई और 20 से अधिक घायल हुए। जाँच एजेंसियों को अब इस ब्लास्ट के तार फरीदाबाद में हाल ही में पकड़े गए एक बड़े आतंकी मॉड्यूल और पुलवामा कनेक्शन से जुड़ने का शक है। पुलिस ने कार के मालिक मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया है और हर पहलू से जाँच कर रही है।
विस्फोट से पहले कार की संदिग्ध गतिविधि
जाँच से पता चला है कि I-20 कार 10 नवंबर 2025 की दोपहर 3:19 बजे सुनहरी मस्जिद के पास पार्किंग में आई थी। यह कार शाम 6:48 बजे तक वहीं खड़ी रही। पार्किंग से निकलने के सिर्फ चार मिनट बाद, शाम 6:52 बजे, नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल के पास कार के पिछले हिस्से में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के काँच टूट गए और आसपास की गाड़ियों में आग लग गई।
विस्फोट में इस्तेमाल हुई कार हरियाणा के गुरुग्राम नॉर्थ आरटीओ में मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जाँच में पता चला है कि सलमान ने यह कार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक को बेची थी। यह कार कई बार बेची-खरीदी गई थी और इसमें फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ था, जिससे संदेह बढ़ गया है।

