राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। लाल किले के पास हुए बम धमाके के बाद अब एक और संदिग्ध आतंकी कार को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है। CCTV फुटेज की जाँच में सामने आया है कि एक लाल रंग की ईको स्पोर्टस कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL-10 CK 045..) अभी भी दिल्ली में घूम रही है, जिसमें एक संदिग्ध आतंकी सवार है।
जाँच एजेंसियों के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल के संदिग्ध दो कारों से दिल्ली पहुँचे थे। एक हरियाणा नंबर की i-20 कार से धमाका किया गया, जबकि दूसरी लाल ईको स्पोर्टस कार अभी भी शहर में बेलगाम घूम रही है। दोनों कारें बदरपुर बॉर्डर से एक साथ दिल्ली आई थीं और चांदनी चौक पार्किंग में भी साथ थीं।
इस नई जानकारी के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी VVIP, ऐतिहासिक जगहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों की सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गई है और जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, धमाके वाली जगह से मिले गैर-सरकारी कारतूसों ने भी एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

