सलीम उर्फ गंजा को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान हुआ घायल: पहले से दर्ज हैं 75 केस, हथियार भी बरामद

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार (3 अप्रैल 2026) को बदरपुर इलाके में कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, STF को सूचना मिली थी कि सलीम बदरपुर इलाके में मौजूद है। इसके बाद टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपित ने खुद को बचाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में सलीम घायल हो गया और मौके पर ही उसे काबू कर लिया गया।

घायल आरोपित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अब पुलिस यह जाँच कर रही है कि ये हथियार उसे कहाँ से मिले और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा पर हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और सेंधमारी समेत 75 से ज्यादा केस दर्ज हैं और वह 20 से अधिक मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही था। पुलिस का कहना है कि इलाके में सक्रिय अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।