दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ यानी DUSU के 2025 चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इसी के साथ राहुल गाँधी का युवा-छात्र-GenZ वाला सपना भी टूट गया है। डुसू चुनाव में ABVP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन पदों पर जीत हासिल की है।
अध्यक्ष पद पर ABVP के आर्यन मान ने धमाकेदार जीत दर्ज की। आर्यन को कुल 28,841 वोट मिले, जबकि NSUI की जोश्लिन नंदिता चौधरी को सिर्फ 12,645 वोटों से संतोष करना पड़ा। आर्यन मान ने 16,196 वोटों के बड़े अंतर से ये पद जीता।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला को 29,339 वोट मिले, जबकि ABVP के गोविंद तंवर को 20,547 वोट मिले। सचिव पद ABVP के कुणाल चौधरी को 23,779 वोट मिले और NSUI के कबीर को 16,117 वोट। संयुक्त सचिव पद पर ABVP की दीपिका झा ने 21,825 वोटों से जीत हासिल की, NSUI के लवकुश भड़ाना को 17,380 वोट मिले।
चुनाव में कुल मिलाकर ABVP ने अपनी पकड़ मजबूत की, खासकर कई कॉलेजों में जैसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में पूरा पैनल जीता, भगिनी निवेदिता कॉलेज में क्लीन स्वीप, एसजीटीबी खालसा में चार सीटें, जाकिर हुसैन मार्निंग में पाँच सीटें और मिरांडा हाउस, हिंदू कॉलेज, श्याम लाल कॉलेज, आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज में भी कई पदों पर जीत।
डुसू चुनाव 18 सितंबर 2025 को हुए थे। काँटे की टक्कर में ABVP ने बढ़त बनाए रखी, जबकि NSUI ने सिर्फ एक पद से इज्जत बचाई।

