इंडिगो संकट पर सख्त DGCA: CEO पीटर एल्बर्स को शो कॉज नोटिस भेजकर 24 घंटे में माँगा जवाब, मंत्री राम मोहन नायडू बोले- ‘जो जिम्मेदार होगा उसे भुगतना ही होगा’

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में पिछले कई दिनों से जारी अव्यवस्था को लेकर अब नागर विमानन की रेगुलेटर संस्था DGCA ने भी सख्ती दिखाई है। लगातार उड़ान रद्द होने और यात्रियों की बढ़ती परेशानी के बीच DGCA ने शनिवार (6 दिसंबर 2025) को इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स को शो कॉज नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में उनसे पूछा गया है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए और उनके पास जवाब देने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय है।

DGCA का आरोप: नियमों का पालन नहीं, प्रबंधन में बड़ी कमी

DGCA के नोटिस में कहा गया है कि पिछले दिनों हुई बड़ी संख्या में उड़ान रद्द होने की घटनाएँ एयरलाइन की योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर लापरवाही को दिखाती हैं। आरोप है कि इंडिगो ने विमानन नियमों के साथ-साथ एयरक्राफ्ट रूल्स 1937 के नियम 42A और सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स का उल्लंघन किया है, जो पायलटों के आराम और ड्यूटी समय से संबंधित हैं। नोटिस में यह भी लिखा है कि एक CEO के रूप में पीटर एल्बर्स की जिम्मेदारी है कि वे सुरक्षित और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करें लेकिन वे इसमें असफल रहे हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दी चेतावनी

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा है कि इस संकट के लिए जो जिम्मेदार होगा उसे भुगतना ही होगा। उन्होंने एयरलाइंस से सभी बकाया रिफंड जल्द से जल्द चुकाने को भी कहा है। इंडिगो की उड़ानें लगातार पाँचवें दिन बाधित हैं और अब तक कम से कम 400 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।

वहीं दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया है कि अगले तीन दिनों में उड़ान संचालन सामान्य होने की संभावना है। बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने छह विशेष ट्रेनें भी शुरू कर दी हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब एक दिन पहले देश में 1000 से अधिक उड़ानें रद्द हुई थीं।