‘अगले 2-3 हफ्तों में बड़ा हमला कर ईरान को पाषाण युग में भेज देंगे’: 20 मिनट के संबोधन ट्रंप ने फिर दी धमकी, जानिए हॉर्मुज स्ट्रेट पर क्या कहा

ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम 20 मिनट का संबोधन दिया। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान पर जीत हासिल कर ली है और उनके सभी बड़े नेता मारे जा चुके हैं। साथ ही ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से तेल लाने की जरूरत भी नहीं है, क्योंकि उनके ‘ड्रिल, बेबी, ड्रिल’ कार्यक्रम की बदौलत अमेरिका के पास ईंधन की कोई कमी नहीं है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान पर परमाणु हथियारों के मामले में कभी भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि वे इसका इस्तेमाल करेंगे और बहुत जल्दी करेंगे।

ईरान को पाषाण युग में भेज देंगे

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पर्दे के पीछे बातचीत जारी रहने के बातचीत जारी रहने के बावजूद अमेरिका आने वाले हफ्तों में ईरान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान तेज करेगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि अमेरिका अगले 2-3 हफ्तों में ईरान पर भीषण हमला करके उसे पाषाण युग में वापस ले जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैं आज कह सकता हूँ कि हम अमेरिका के सभी सैन्य उद्देश्यों को जल्द ही, बहुत जल्द पूरा करने की राह पर हैं। अगले दो से तीन हफ्तों में हम उन पर जबरदस्त हमला करेंगे। हम उन्हें उनके पुराने जमाने में वापस भेज देंगे, जहाँ वे असल में थे। इस बीच बातचीत जारी है।”

ट्रंप ने साफ कहा, “सत्ता परिवर्तन हमारा लक्ष्य नहीं था। हमने कभी सत्ता परिवर्तन की बात नहीं की, लेकिन उनके सभी बड़े नेताओं की मौत का कारण है कि सत्ता परिवर्तन हो चुका है। वे सब मर चुके हैं। नया समूह कम कट्टरपंथी और कहीं अधिक तर्कसंगत है।”

ईरान की वायुसेना और बड़े नेता खत्म हो चुके

ट्रंप ने कहा, “आज रात, ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना तबाह हो चुकी है और उनके नेता- जिनमें से ज्यादातर और जिस आतंकवादी शासन का वे नेतृत्व करते थे, वे सब मारे जा चुके हैं। जब हम बात कर रहे हैं, ठीक उसी समय, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) पर उनका कमांड और कंट्रोल पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है।”

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्ध के इतिहास में पहले कभी किसी दुश्मन को, महज कुछ ही हफ्तों के भीतर, इतने स्पष्ट और विनाशकारी बड़े पैमाने पर नुकसान नहीं उठाना पड़ा है।

अमेरिका को हॉर्मुज की जरूरत नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका हॉर्मुज स्ट्रेस से लगभग कोई तेल नहीं लेता है, उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “जिन देशों को हॉर्मुज से तेल मिलता है, उन्हें इस रास्ते का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें उसे संभालकर रखना चाहिए और उसकी हिफाजत करनी चाहिए।”